ट्रेन में चोरी करने वाला गैंग पकड़ाया:17 लाख के जेवर-कैश बरामद, जामताड़ा के 6 आरोपी बिलासपुर में गिरफ्तार, महिला यात्रियों को बनाते थे निशाना




बिलासपुर पुलिस ने ट्रेनों में सफर करने वाली महिला यात्रियों को निशाना बनाकर उनके हैंडबैग से सोने के जेवर और कैश चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 4 महिलाओं समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 17 लाख रुपए के सोने के जेवरात और कैश बरामद किया है। सभी आरोपी झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दरअसल, ट्रेनों में लगातार चोरी की वारदात हो रही थी। इस पर जीआरपी की टीम चोरी के एक मामले की जांच में जुटी थी। इसी दौरान पता चला कि एक संगठित गिरोह है, जो बिलासपुर से रायगढ़ के बीच चलने वाली ट्रेनों में महिला यात्रियों को निशाना बनाता था। आरोपी भीड़ और सफर की अफरा-तफरी का फायदा उठाकर लेडिस हैंडबैग से जेवर और नकदी पार कर फरार हो जाते हैं। तकनीकी जांच से पकड़ाया गिरोह, गहने भी बरामद सूचना पर जीआरपी की टीम गिरोह की तलाश में थी। इस दौरान तकनीकी जांच और लगातार निगरानी के बाद गिरोह के सभी सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान तुषार पासवान, विरासत पासवान, मोनी देवी, मामोनी केंवरा, सुजाता केंवरा और मोनिका देवी के रूप में हुई है। इस कार्रवाई के दौरान जीआरपी ने आरोपियों के कब्जे से कुल 17 लाख 8 हजार 480 रुपए कीमत के सोने के जेवरात और 15 हजार रुपए कैश बरामद किए। इनमें से 6 लाख 22 हजार 840 रुपए का मशरूका अपराध क्रमांक 51/26 से संबंधित पाया गया, जबकि बाकी 10 लाख 85 हजार 680 रुपए की चोरी की संपत्ति के वास्तविक मालिकों की तलाश की जा रही है। फिलहाल, जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ धारा 35(1)(ड़) बीएनएसएस, 305(सी) और 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। महिला यात्रियों को टारगेट करता था गैंग पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और खासतौर पर महिला यात्रियों को टारगेट करता था। अब पूछताछ के जरिए ट्रेनों में हुई अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *