डीएम-एसपी ने पुरुषोत्तम मास मेला तैयारियों का जायजा लिया:महोदवा के लोधेश्वर महादेव मंदिर में 17 मई से होगा आयोजन




बाराबंकी के रामनगर तहसील स्थित महोदवा के श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में 17 मई 2026 से शुरू होने वाले पुरुषोत्तम मास (अधिमास) मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी इशांन प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने गुरुवार 6 बजे शाम मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर, दर्शन पथ, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, प्रमुख आवागमन मार्ग और रैन बसेरों सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा, अस्थायी विद्युत, प्रकाश, पेयजल, मोबाइल शौचालय, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बोहनिया और अभरण तालाब की साफ-सफाई की प्रगति का भी अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सभी तैयारियों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए रैन बसेरों और अस्थायी आश्रय स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने इन स्थानों पर पेयजल, प्रकाश और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम और एसपी ने महादेवा कॉरिडोर निर्माण के तहत मुआवजा वितरण के बाद चल रही ध्वस्तीकरण की कार्यवाही का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि मलबा शीघ्र हटाकर मार्गों को व्यवस्थित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में कोई असुविधा न हो। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, उपजिलाधिकारी रामनगर और क्षेत्राधिकारी रामनगर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *