तपती धूप में सिर पर कलश रखकर निकली महिलाएं:श्रीमद्भागवत कथा की निकाली गई शोभायात्रा, 21 से 26 मई तक होगी कथा




भिंड शहर गुरुवार को भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आया। अटेर रोड स्थित नवादा बाग बड़े हनुमान मंदिर पर श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। तेज गर्मी और तपती धूप के बावजूद सैकड़ों महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुईं। करीब तीन घंटे तक महिलाएं धूप में खड़ी रहीं और पूरे मार्ग में भक्ति भाव के साथ यात्रा निकाली गई। कथा 21 मई से 26 मई तक चलेगी। कलश यात्रा बड़े हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर नवादा बाग सहित शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवान के जयकारे लगाते हुए भजन-कीर्तन करते चले। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा। जगह-जगह स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। यात्रा में बुजुर्ग बच्चे महिलाएं शामिल हुईं
भीषण गर्मी को देखते हुए कई स्थानों पर ठंडई, शरबत और पानी के स्वागत स्टॉल लगाए गए। लोगों ने यात्रा में शामिल महिलाओं और श्रद्धालुओं को ठंडई पिलाकर सेवा भाव का परिचय दिया। इससे श्रद्धालुओं को गर्मी से काफी राहत मिली। यात्रा में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रीमद्भागवत कथा का वाचन कथा व्यास देवी संध्या जी भगवताचार्य के मुखारविंद से किया जा रहा है। आयोजनकर्ता परीक्षित रविन्द्र सिंह भदौरिया, ग्राम अंगदपुरा ने बताया कि कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। कथा के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी रही। आयोजन को लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *