तीन महीने से भुगतान नहीं, आशा-उषा कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन:21 हजार मानदेय और राज्य कर्मचारी दर्जे की मांग, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी




मंदसौर जिले की आशा एवं उषा कार्यकर्ताओं ने सोमवार शाम कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने जिला प्रशासन के माध्यम से मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस प्रदर्शन का नेतृत्व आशा उषा महिला संगठन मध्यप्रदेश की प्रदेश अध्यक्ष नर्मदा ठाकरे ने किया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें पिछले तीन माह से प्रोत्साहन राशि और अन्य भुगतान नहीं मिले हैं, जिसके कारण उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन का कहना है कि अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। भुगतान नहीं मिलने तक हड़ताल की चेतावनी
आशा-उषा महिला संगठन ने चेतावनी दी कि जब तक उनका पूरा भुगतान नहीं किया जाता, तब तक कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन हड़ताल, कलमबंद और कार्यबंद आंदोलन जारी रखेंगी। संगठन ने कहा कि भुगतान न होने से उनके परिवारों का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। ज्ञापन में आशा एवं उषा कार्यकर्ताओं ने कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें तीन माह की लंबित प्रोत्साहन राशि का तत्काल भुगतान, हर माह की 5 तारीख तक नियमित भुगतान सुनिश्चित करना, भुगतान स्लिप देना और 29 जुलाई 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा घोषित 1000 रुपए वार्षिक वृद्धि का एरियर सहित भुगतान शामिल है। 21 हजार रुपए मानदेय करने की मांग
इसके अतिरिक्त, कार्यकर्ताओं ने दुर्घटना में घायल होने पर एक लाख रुपए और मृत्यु की स्थिति में परिवार को 10 लाख रुपए की सहायता राशि देने की मांग की। उन्होंने 21 हजार रुपए निश्चित मानदेय और राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की भी मांग रखी। संगठन ने आशा कार्यकर्ताओं के लिए ड्यूटी का समय निर्धारित करने और सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपए की सहायता राशि देने की भी मांग की। ज्ञापन में सभी डिलीवरी पॉइंट पर आशा रेस्ट रूम की व्यवस्था, शिक्षा प्रोत्साहन राशि का भुगतान, एंड्रॉयड मोबाइल और टाटा सिम उपलब्ध कराने के साथ-साथ प्रतिवर्ष आशा दिवस/सम्मेलन आयोजित करने की मांग भी शामिल थी। प्रशासन से जल्द समाधान की मांग
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन की पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि आशा एवं उषा कार्यकर्ताओं की समस्याओं का शीघ्र निराकरण कर उनके साथ न्याय किया जाए। संगठन की जिला अध्यक्ष ने कहा कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *