तेज रफ्तार कार तीन बार पलटी:कई दोपहिया वाहन चालक बाल-बाल बचे, राहगीरों ने चालक को सुरक्षित निकाला




कानपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। फतेहपुर से कानपुर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तीन बार पलट गई और डिवाइडर से टकराकर रुक गई। इस हादसे में आधा दर्जन दोपहिया वाहन चालक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की सूझबूझ से कार चालक की जान बच गई। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि रविवार शाम चकेरी के सजीव नगर फ्लाईओवर पर एक कार दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के कारण यातायात प्रभावित हुआ, जिसके बाद पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस के अनुसार, चालक की पहचान काकादेव निवासी प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। प्रशांत ने बताया कि वह फतेहपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वापसी के दौरान आगे चल रहे एक ट्रक के अचानक लेन बदलने से बचने के लिए उन्होंने ब्रेक लगाए, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई और क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में प्रशांत को मामूली चोटें आई हैं। उपचार के बाद पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया। प्रत्यक्षदर्शी राकेश तिवारी और सोनू के अनुसार, फतेहपुर की तरफ से आ रही कार अचानक अनियंत्रित होकर तीन बार पलटी और डिवाइडर से टकराकर रुक गई। मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *