तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दोस्तों को रौंदा, मौत:पुताई का काम कर लौट रहे थे युवक, तीन दिन पहले ही पिता बना था




लखनऊ के गोसाईगंज स्थित किसान पथ पर मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे को आनन फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक ट्रक समेत फरार हो गया। पुलिस ट्रक की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सुशांत गोल्फ सिटी के निजामपुर मझिंगवा गांव सूरज रावत (21) और स्वयं सिंह (20) बचपन के दोस्त थे। दोनों साथ में पुताई का काम करते थे। मंगलवार दोपहर दोनों बाइक से काम के सिलसिले में मोहनलालगंज जा रहे थे। गोसाईगंज थाना क्षेत्र के दुनियापत खेड़ा गांव के पास किसान पथ पर पहुंचे थे तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक बाइक समेत काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में स्वयं सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी का महौल हो गया। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर घायल सूरज को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन अस्पताल पहुंच गए। सूरज तीन तीन दिन पहले पिता बना था परिजनों ने बताया कि सूरज की शादी एक साल पहले बबली से हुई थी। तीन दिन पहले ही उसकी पत्नी ने बेटे को जन्म दिया था। घर में खुशियों का माहौल था लेकिन हादसे के बाद परिवार टूट गया। पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। सूरज घर का एकलौता कमाने वाला था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर गोसाईगंज ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *