दतिया में एमबीए पास युवक ने फांसी लगाकर दी जान:नौकरी न मिलने से परेशान था; वट पूजन के दौरान परिवार बाहर था




दतिया के लाच थाना अंतर्गत ग्राम चकबैना में शनिवार शाम 30 वर्षीय युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक एमबीए तक पढ़ा हुआ था। लेकिन नौकरी नहीं मिलने और शराब की लत के कारण लंबे समय से तनाव में बताया जा रहा है। घटना के समय परिवार के सदस्य गांव में वट पूजन कार्यक्रम में गए हुए थे। पुलिस के अनुसार रोहित जाटव पिता देवीलाल जाटव ने अपने घर में ऊपर वाले कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। शाम करीब 6 बजे जब उसकी मां और पत्नी पूजन से लौटकर घर पहुंचीं तो कमरे में रोहित का शव फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पड़ोसी और परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही लाच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर अस्पताल भिजवाया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नौकरी नहीं मिलने से परेशान था
पिता देवीलाल जाटव ने बताया कि रोहित पढ़ाई में अच्छा था और उसने एमबीए तक शिक्षा प्राप्त की थी। हालांकि, नौकरी नहीं मिलने से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। इसी दौरान उसे शराब की लत लग गई थी। परिवार के अनुसार, वह किसी से विवाद नहीं करता था और शांत स्वभाव का था। रोहित अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बच्चियों को छोड़ गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *