दतिया में मकान पर गिरी बिजली:तेज आंधी-बारिश के बीच प्रमोद शर्मा के घर गिरी गाज; छत टूटी, बाल-बाल बचा परिवार




दतिया जिले की भांडेर तहसील के बड़ा पोरसा गांव में गुरुवार सुबह तेज आंधी-बारिश के बीच एक मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। इससे प्रमोद शर्मा के मकान की छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कमरे में रखा सारा सामान मलबे में दब गया। राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य दूसरे कमरे में मौजूद थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना सुबह करीब 10 बजे की है, जब तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली गिरी। इससे मकान की छत पर लगे करीब 10 पाटे (पत्थर) टूट गए और पूरा कमरा मलबे से भर गया। हादसे के कारण कमरे में रखा अनाज, घरेलू और गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। तेज धमाके से दहशत, मदद को दौड़े ग्रामीण
बिजली गिरने के तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने में परिवार की मदद की। पीड़ित प्रमोद शर्मा ने घटना की सूचना तत्काल प्रशासन को दे दी। हालांकि, सूचना के काफी देर बाद तक कोई राजस्व अधिकारी या प्रशासनिक अमला नुकसान का निरीक्षण करने मौके पर नहीं पहुंचा था। सर्वे कर उचित मुआवजे की मांग
पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग की है। इस अचानक हुई घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। वहीं, इलाके में लगातार बदल रहे मौसम को लेकर भी ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *