दहेज नहीं दिया तो महिला को लाठी-डंडों से पीटा:शिवपुरी में पति समेत 5 पर FIR; तलाक देने पर धमकी दी




शिवपुरी के गड्ढा मोहल्ला में मायके में रह रही एक नवविवाहिता और उसके परिजनों पर हमला हुआ है। आरोप है कि नवविवाहिता के पति और उसके साथियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी लाठियां लेकर गली में पहुंचते दिख रहे हैं। घायल पक्ष की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता किरण कुशवाह ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी एक साल पहले बैराड निवासी महेंद्र कुशवाह से हुई थी। शादी से आठ दिन पहले उसके पिता का निधन हो गया था। किरण का आरोप है कि शादी के बाद पति और ससुराल पक्ष ने लाखों रुपये दहेज की मांग की। मांग पूरी न होने पर उस पर पिता की जमीन में हिस्सा मांगने का दबाव बनाया गया और विरोध करने पर मारपीट की जाती थी। किरण के अनुसार, 4 मई को उसके साथ मारपीट कर उसे मायके छोड़ दिया गया था। बुधवार दोपहर उसका पति महेंद्र कुशवाह अपने साथियों के साथ गड्ढा मोहल्ला स्थित उसके मायके पहुंचा। वहां उसने परिवार के सदस्यों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और किरण को तलाक देने की धमकी भी दी। फरियादी रमेश कुशवाह (कल्लाराम कुशवाह के पुत्र, निवासी गड्ढा मोहल्ला) ने बताया कि कुछ दिन पहले भोलू कुशवाह और ऋषिकेश कुशवाह किरण को मायके छोड़ने आए थे, तब दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते बुधवार दोपहर करीब 1:20 बजे ऋषिकेश कुशवाह, महेंद्र कुशवाह और भोलू कुशवाह उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में सतीश कुशवाह और दशरथ कुशवाह का भी नाम है, जो बाद में मौके पर पहुंचे और डंडों से हमला किया। देहात थाना पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, जिसमें आरोपी लाठी-डंडे लेकर गली में जाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *