दिशा बैठक में सांसद ने अधिकारियों को चेताया:बुलंदशहर में टूटी सड़कों, लापरवाही पर जताई नाराजगी; जांच के निर्देश




बुलंदशहर। रविवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद डॉ. भोला सिंह ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही न बरतने की सख्त चेतावनी दी। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाए, जिसमें जल जीवन मिशन की टूटी सड़कें और अधिकारियों की लापरवाही मुख्य मुद्दे रहे। केंद्र और प्रदेश सरकार की दर्जनों जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने जोर देकर कहा कि दिशा समिति का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक ईमानदारी से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत भी कराया जाए। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम, अमृत योजना, प्रधानमंत्री सड़क योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना और आयुष्मान भारत योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की गई। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने आयुष्मान कार्ड से उपचार करने वाले अस्पतालों की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी अस्पताल में अनियमितता पाई जाती है, तो उसकी संबद्धता समाप्त की जाए। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्रों में बुखार और अन्य बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि जनपद के टीबी मरीजों को नरौरा एटॉमिक पावर प्लांट द्वारा गोद लिया गया है। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों के खराब रिस्टोरेशन कार्य पर सांसद ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, बिजली विभाग को रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए सांसद ने लाभार्थियों के मकानों पर योजना संबंधी नेम प्लेट अनिवार्य रूप से लगाने और पात्रता की गहन जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धावस्था, विधवा और विकलांग पेंशन के पात्र लाभार्थियों को चिन्हित कर कैंप लगाकर लाभ दिलाने पर भी विशेष जोर दिया। बैठक में जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं का समाधान अगली बैठक से पहले सुनिश्चित किया जाए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *