देवरिया में पुलिस चौकी के पास दो युवकों पर हमला:धारदार हथियार से वार, गंभीर घायल, जिला अस्पताल रेफर




देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र स्थित मेहरौना चौकी के पास बुधवार की शाम सात बजे धारदार हथियार से हमला कर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। यह घटना चौकी से मात्र 100 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे पुलिस गश्त पर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक आमने-सामने आने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हमलावरों ने तुरंत धारदार हथियार निकाल लिए और दोनों युवकों को सड़क पर दौड़ाकर ताबड़तोड़ वार किए। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले से बचने के लिए दोनों युवक जान बचाकर पास की एक दुकान में घुस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत दुकान का दरवाजा बंद कर उनकी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर काफी देर तक सड़क पर हथियार लहराते रहे, जिससे दहशत का माहौल बन गया था। घटना में चुरिया निवासी गिरीश नारायण सिंह और जयंत सिंह पुत्र दयाशंकर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों की पीठ पर गहरे जख्म बताए जा रहे हैं। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए देवरिया मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कर दबिश दे रही हैं। खबर लिखे जाने तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली थी, हालांकि घायलों के मौखिक बयान के आधार पर कार्रवाई जारी है। भाजपा नेता पुनीत शाही ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चौकी के साए में बेखौफ हमलावर मेहरौना पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि जिस तरह हमलावरों ने खुलेआम सड़क पर दौड़ाकर हमला किया, उससे साफ है कि उनमें पुलिस का कोई डर नहीं था। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल बना हुआ है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *