![]()
देवरिया भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने जिले में चीनी मिल की स्थापना सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। यह फैसला गुरुवार को सिंचाई विभाग के डाक बंगले पर आयोजित भाकियू की मासिक बैठक में लिया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि 22 मई को भीमपुर गौरा के समीप पोखरभिंडा गांव में मुख्यमंत्री के आगमन पर भाकियू का एक प्रतिनिधिमंडल उन्हें ज्ञापन सौंपेगा। बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू जिलाध्यक्ष गिरीश नारायण शाही उर्फ बड़े शाही ने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के समय से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा जिले में चीनी मिल लगाने का वादा किया जा रहा है। हालांकि, यह वादा अब तक पूरा नहीं हो सका है, जिससे गन्ना किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। शाही ने बरहज-सोनूघाट मार्ग, बरहज में निर्माणाधीन मोहन सेतु, जिला अस्पताल और नए बस स्टेशन के निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अधूरे विकास कार्यों के कारण आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाकियू नेताओं ने किसानों की अन्य समस्याओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आवारा पशु, घड़रोज, नीलगाय और अन्य जंगली जानवरों से खेती को भारी नुकसान हो रहा है। किसान रातभर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं, लेकिन इस समस्या का अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। जिला महासचिव धनंजय सिंह ने सभी सक्रिय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे शुक्रवार को सुबह 10 बजे से पहले कार्यक्रम स्थल भीमपुर पोखरभिंडा पहुंच जाएं। इसका उद्देश्य मुख्यमंत्री को किसानों की समस्याओं से सीधे अवगत कराना है। इस मासिक बैठक में जिला संयोजक सदानंद यादव, सत्याग्रह सरोज, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष जयकरण शाह, जिला कोषाध्यक्ष चंद्रदेव सिंह, लल्लन कुशवाहा, नियाज अहमद, दुखी प्रसाद, विजय चौरसिया, उमाशंकर सिंह और शेषनाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Source link
देवरिया में भाकियू मुख्यमंत्री को सौंपेगा ज्ञापन:चीनी मिल समेत जनसमस्याओं पर करेगा बात















Leave a Reply