देवरिया में मजदूर की सड़क हादसे में मौत:नकहनी चौराहे के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर




देवरिया जिले के नकहनी चौराहे के समीप रविवार देर शाम एक सड़क हादसे में मजदूर युवक की मौत हो गई। काम खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान खुखुंदू थाना क्षेत्र के महुई श्रीकांत गांव निवासी 35 वर्षीय विंद्रेश प्रसाद पुत्र मोतीचंद के रूप में हुई है। विंद्रेश मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके कंधों पर परिवार के सात सदस्यों की जिम्मेदारी थी। रविवार को विंद्रेश भटनी कस्बे में मजदूरी करने गया था। देर शाम काम खत्म होने के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रहा था। नकहनी चौराहे के समीप शराब भट्ठी के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार वाहन तथा उसके चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और नियमित चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि इलाके में तेज गति से चलने वाले भारी वाहनों के कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *