दोस्तों ने युवक की हत्या कर श्मशान में गाड़ा:बुरहानपुर में बहन की मौत की रंजिश में वारदात, ताप्ती किनारे खुदाई में मिला शव




बुरहानपुर में लापता युवक चेतन पिता सोहनलाल बेनीवाल की हत्या का खुलासा गुरुवार शाम पुलिस ने कर दिया। जांच में सामने आया कि उसके दोस्तों ने ही उसकी हत्या कर शव को ताप्ती नदी किनारे श्मशान घाट में गाड़ दिया था। शिकारपुरा पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक चेतन बेनीवाल बलवाड़ टेकरी जैनाबाद का रहने वाला था, जिसकी गुमशुदगी शिकारपुरा थाने में दर्ज की गई थी। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और बलवाड़ टेकरी क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में 18 मई की रात करीब 9:27 बजे चेतन अपने नाबालिग दोस्त और शुभम सुनहरे के साथ बाइक से आहूखाना होते हुए मसान घाट की तरफ जाता दिखा। नाबालिग से पूछताछ में सच सामने आया
पुलिस ने नाबालिग आरोपी और शुभम सुनहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। नाबालिग ने कबूल किया कि मृतक चेतन की वजह से उसे पूर्व में अपने परिवार के एक सदस्य को खोना पड़ा था। इसी रंजिश के चलते 18 मई की रात दोनों आरोपियों ने चेतन को शौच के बहाने ताप्ती किनारे ले जाकर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी शांतिलाल चौहान की मदद से शव को गड्ढा खोदकर गाड़ दिया गया। आरोपियों के बयान के आधार पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ ताप्ती किनारे मसान घाट पहुंचे। बुरहानपुर एसडीएम की अनुमति और उपस्थिति में खुदाई कराई गई, जहां से चेतन का शव बरामद हुआ। मृतक के भाई कालू और शेरा बेनीवाल ने शव की शिनाख्त की। आरोपी ने पिता को घटना के बारे में बताया था
बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी ने बताया कि पूछताछ में एक आरोपी ने स्वीकार किया कि चेतन पर रॉड से वार कर उसकी हत्या की गई थी और फिर शव को गाड़ दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी का मानना था कि उसकी बहन ने चेतन के कारण ही आत्महत्या की थी, इसलिए वह चेतन से रंजिश रखता था। पूछताछ में यह भी पता चला कि एक आरोपी ने अपने पिता को घटना के बारे में बताया था, जिन्होंने साक्ष्य मिटाने में सहयोग किया। पुलिस ने हत्या, आपराधिक षड्यंत्र, साक्ष्य छुपाना आदि धाराओं में केस दर्ज किया। विधि विरुद्ध बालक, शुभम सुनहरे (18) और शांतिलाल चौहान (44) निवासी बलवाड़ टेकरी को गिरफ्तार कर घटना में औजार, कपड़े, वाहन जब्त किए गए। आरोपियों को न्यायालय पेश किया गया। कार्रवाई में टीआई संदीप चौरसिया, उपनिरीक्षक अलीमउद्दीन, सहायक उपनिरीक्षक देवेन्द्र पाटिल, संजीव पगारे, पुरुषोत्तम विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक रफीक खान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *