![]()
सहारनपुर की नकुड़ तहसील में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर तहसील परिसर में जमकर हंगामा हुआ। वकील चेम्बर के बाहर दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना से तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए। जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। शनिवार को एक पक्ष अपने हिस्से की जमीन का बेनामा कराने तहसील पहुंचा था। इसकी भनक दूसरे पक्ष को लग गई, जिसके बाद वह भी तहसील परिसर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि जमीन का वास्तविक रकबा कम दिखाया जा रहा है, जबकि विरोधी पक्ष के कब्जे में अधिक भूमि है। उनका कहना था कि पहले जमीन की पैमाइश कराई जाए और उसके बाद ही बिक्री की प्रक्रिया पूरी की जाए। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई। तहसील परिसर में दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और जमकर लात-घूंसे चले। अचानक हुए हंगामे से मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। मारपीट और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कराया। पुलिस ने गंगोह क्षेत्र के खानपुर गांव के दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर सुरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद तहसील परिसर में कुछ समय तक तनाव का माहौल बना रहा।
Source link
नकुड़ तहसील में जमीन विवाद को लेकर मारपीट:वकील चेंबर के बाहर दो पक्षों में मारपीट, बेनामा कराने पहुंचे पक्ष का विरोध, पैमाइश की मांग पर बढ़ा विवाद















Leave a Reply