नया सवेरा फेज दो में होगा लाइट एंड साउंड शो:10 करोड़ से अधिक आएगी लागत; म्यूजिकल फाउंटेन बढ़ाएगा ताल की खूबसूरती




नया सवेरा फेज एक की तरह ही फेज दो में भी लाइट एंड साउंड शो संचालित होगा। इसको लेकर कार्ययोजना बनाई जा रही है। इसपर 10 करोड़ से अधिक की लागत आएगी। ताल में म्यूजिकल फाउंटेन से ताल की खूबसूरती भी बढ़ेगी। जल्द ही इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर लिया जाएगा।
रामगढ़ताल को और आकर्षक बनाने के लिए चिड़ियाघर के गेट से नया सवेरा फेज एक तक लगभग 1700 मीटर लंबाई में पर्यटन स्थल विकसित किया गया है। पर्यटकों की यहां काफी भीड़ हो रही है। इसे देखते हुए अब फेज 1 की तरह ही यहां भी लाइट एंड साउंड शो तथा म्यूजिकल फाउंटेन की सुविधा देने का निर्णय लिया गया है। रंग-बिरंगी लेजर लाइट्स और आधुनिक साउंड सिस्टम के जरिए शाम के समय मनोरम दृश्य दिखाया जाएगा।
प्राधिकरण के अधिकारियों की मानें तो नई परियोजना पूरी होने के बाद रामगढ़ताल पूर्वांचल के प्रमुख पर्यटन स्थलों में और मजबूती से अपनी पहचान बनाएगा। साथ ही स्थानीय लोगों को मनोरंजन का नया केंद्र भी मिलेगा। परियोजना के तहत आधुनिक तकनीक आधारित म्यूजिकल फाउंटेन, सिंक्रोनाइज्ड लाइटिंग सिस्टम और आकर्षक साउंड इफेक्ट लगाए जाएंगे। शाम के समय होने वाला यह शो पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण बनेगा। प्राधिकरण जल्द ही परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना और टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में है। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि नया सवेरा फेज दो में भी फेज एक की तरह म्यूजिकल फाउंटेन एवं लाइट एंड साउंड शो की योजना बनाई गई है। जल्द ही इस योजना को मूर्त रूप दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *