नरसिंहपुर में डंपर ने युवक को कुचला, मौत:संसारखेड़ा रेत खदान के पास हादसा; ग्रामीणों ने स्टेट हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम किया




नरसिंहपुर जिले की संसारखेड़ा रेत खदान के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने 20 वर्षीय युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने स्टेट हाईवे क्रमांक 44 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर प्रदर्शन के कारण मार्ग के दोनों ओर लगभग 7 किलोमीटर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं है। पुलिस घटनास्थल लोगों को समझाइश देने का प्रयास कर रही है। तेज रफ्तार डंपर ने ली शैलेश की जान जानकारी के अनुसार, ग्राम तूमड़ा निवासी शैलेश पिता इंदर (20) शनिवार शाम खदान के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान रेत से भरे एक अनियंत्रित डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि शैलेश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। हाईवे पर शव रखकर रात तक डटे रहे ग्रामीण हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जमा हो गए। उन्होंने स्टेट हाईवे-44 पर युवक का शव रखकर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि रेत खदान से निकलने वाले भारी वाहनों की गति सीमा निर्धारित की जाए और डंपरों की अनियंत्रित आवाजाही पर तत्काल रोक लगाई जाए। रात 8:30 बजे तक ग्रामीण सड़क से हटने को तैयार नहीं थे। रेत खदान के डंपरों के खिलाफ आक्रोश ग्रामीणों का आरोप है कि संसारखेड़ा रेत खदान से चलने वाले डंपर चालक सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, कई बार जिला प्रशासन और पुलिस से शिकायत करने के बावजूद इन भारी वाहनों पर कार्रवाई नहीं की गई। इसी प्रशासनिक अनदेखी के कारण आज एक मासूम युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दिया आश्वासन तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए साईंखेड़ा पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। देर शाम तक प्रशासनिक अमला ग्रामीणों से बातचीत कर चक्काजाम खुलवाने के प्रयास में जुटा रहा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं हुए तो आंदोलन उग्र किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *