नरसिंहपुर में परिवहन ठप होने से खुले में पड़ा अनाज:गेहूं खरीदी प्रभावित; एक सप्ताह से तुलाई का इंतजार कर रहे किसान




नरसिंहपुर जिले के सालीचौका स्थित जनक वेयरहाउस खरीदी केंद्र पर परिवहन व्यवस्था ठप होने से गेहूं की खरीदी और तुलाई कार्य प्रभावित हो गया है। समय पर ट्रकों की उपलब्धता न होने के कारण हजारों क्विंटल गेहूं खुले आसमान के नीचे पड़ा है। पिछले एक सप्ताह से भीषण गर्मी में अपनी उपज लेकर आए किसान तुलाई के इंतजार में परेशान हो रहे हैं। दो दिनों से केंद्र पर नहीं पहुंचा एक भी ट्रक कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी राम दीक्षित ने निरीक्षण के दौरान पाया कि पिछले दो दिनों से केंद्र पर परिवहन के लिए एक भी ट्रक नहीं पहुंचा है। इस अव्यवस्था के कारण तुलाई की गति धीमी हो गई है और केंद्र पर लगभग 14 हजार से अधिक बोरियां जमा हो गई हैं। अधिकारियों ने स्वीकार किया कि सुचारू व्यवस्था के लिए प्रतिदिन कम से कम 6 से 7 ट्रकों की आवश्यकता है। खुले आसमान के नीचे रखा करोड़ों का गेहूं परिवहन न होने से हजारों क्विंटल अनाज खुले में पड़ा है, जिससे किसानों में चिंता व्याप्त है। किसानों ने आशंका जताई है कि यदि अचानक मौसम बिगड़ा और बारिश हुई, तो शासन को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसानों ने प्रशासन से बारदाना और पर्याप्त ट्रकों की व्यवस्था कर खरीदी प्रक्रिया को गति देने की मांग की है। 6 ट्रक भेजने का आश्वासन मिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि परिवहन की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई है। नगर निगम की ओर से 6 ट्रक भेजने का आश्वासन मिला है। प्रशासन ने संबंधित एजेंसी को नियमित रूप से ट्रकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि किसानों को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े और अनाज सुरक्षित गोदामों तक पहुंचाया जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *