नर्मदापुरम में सरकारी गेहूं खरीदी की रफ्तार धीमी:बारदाना नहीं मिलने से पांच दिन से बंद खरीदी, 15 हजार क्विंटल से ज्यादा मंडी में पड़ा




नर्मदापुरम जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी बारदाना, हम्मालों की कमी और परिवहन में देरी के कारण प्रभावित हो रही है। कई खरीदी केंद्रों पर गेहूं के बड़े-बड़े ढेर और स्टैक लगे हुए हैं। समय पर परिवहन नहीं होने से खरीदी कार्य धीमा पड़ गया है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए 2 से 3 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। बारदाना नहीं मिलने से पांच दिन से बंद खरीदी मोहासा स्थित संत गुरुकृपा वेयरहाउस में बारदाना नहीं होने के कारण पिछले पांच दिनों से खरीदी कार्य बंद पड़ा है। यहां 150 से अधिक गेहूं से भरी ट्रॉलियां कतार में खड़ी हैं। वहीं सेवा सहकारी समिति बागलखेड़ी ने बारदाने की 50 गांठों की मांग की है। मंडी में 15 हजार क्विंटल से ज्यादा गेहूं पड़ा नर्मदापुरम अनाज मंडी में स्थित रायपुर सोसायटी और नर्मदांचल विपणन सहकारी संस्था के खरीदी केंद्रों के तीन टीनशेड में 15 हजार क्विंटल से अधिक गेहूं का स्टॉक जमा है। पिछले चार दिनों से यही स्थिति बनी हुई थी। गुरुवार से परिवहन शुरू हुआ, लेकिन हम्मालों की कमी के कारण इसकी रफ्तार धीमी बनी हुई है। जिले के अधिकांश खरीदी केंद्रों की स्थिति इसी तरह की बताई जा रही है। खरीदी के बचे सिर्फ पांच दिन, किसानों की बढ़ी चिंता जिले में गेहूं खरीदी 27 मई तक चलेगी। बीच में एक दिन रविवार का अवकाश रहेगा, ऐसे में खरीदी के लिए केवल पांच दिन शेष हैं। धीमी प्रक्रिया के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। दहेड़ी निवासी किसान श्रद्धा गौर ने बताया कि उनकी उपार्जन पर्ची के अनुसार स्लॉट 8 मई से 15 मई तक मान्य था, लेकिन बारदाना नहीं मिलने से 184 क्विंटल से अधिक गेहूं की तुलाई अब तक नहीं हो सकी। किसानों को डर है कि यदि समय पर खरीदी नहीं हुई तो उनका स्लॉट पोर्टल से स्वतः समाप्त हो जाएगा और दोबारा प्रक्रिया के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा। कई किसानों का भुगतान अटका कई खरीदी केंद्रों पर किसानों ने टोकन लेकर गेहूं के ढेर लगवा दिए हैं, लेकिन अब तक बिल नहीं बनने से वे परेशान हैं। जिले में 73 हजार किसानों ने पंजीयन कराया था, जिनमें से 62,234 किसानों के स्लॉट बुक हुए। अब तक 4.93 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। वहीं रिजेक्ट गेहूं का आंकड़ा बढ़कर 9,736 मीट्रिक टन तक पहुंच गया है। इससे कई किसानों का भुगतान भी अटक गया है। अधिकारी बोले- अब स्थिति सामान्य नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक सुरेश सनखेरे ने कहा कि हम्मालों की कमी के कारण तुलाई और परिवहन में देरी हुई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है। उन्होंने बारदाने की कमी से इनकार किया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *