नशे में धुत बेटे ने पिता को लात-घूंसों से पीटा:सिर में गंभीर चोटें आईं, पन्ना जिला अस्पताल में एडमिट; खाने मांगने पर की मारपीट




पन्ना कोतवाली थाना क्षेत्र की बराछ चौकी से एक मामला सामने आया है, जहाँ एक बेटे ने शराब के नशे में अपने पिता पर हमला कर दिया। खाना मांगने को लेकर हुए विवाद में बेटे ने बुजुर्ग पिता को लात-घूंसों से पीटा, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल पिता को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय पन्ना में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 19 मई की रात को बराछ में हुई। बराछ निवासी 44 वर्षीय प्यारे लाल साहू (पिता छिड्डी प्रसाद साहू), जो पेशे से मजदूर हैं, ने अपनी बहू से खाना मांगा। उस समय उनका छोटा बेटा छोटू साहू शराब के नशे में वहीं बैठा था। पिता के खाना मांगने पर छोटू आवेश में आ गया और उसने अपनी पत्नी को खाना देने से मना कर दिया। विवाद बढ़ने पर छोटू ने अपने पिता प्यारे लाल पर हमला कर दिया। उसने पिता को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा। इस पिटाई के कारण प्यारे लाल के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। घायल प्यारे लाल को तुरंत उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पन्ना ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने पर बराछ चौकी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने पीड़ित पिता के बयानों के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *