![]()
ईद उल अजहा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए शुक्रवार शाम बुरहानपुर की नावरा चौकी में शांति समिति सदस्यों और ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान नावरा चौकी प्रभारी हेमेंद्र सिंह चौहान और नेपाननगर तहसीलदार जगदीश बिलगावे ने ग्रामीणों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की। बैठक में नागरिकों को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के लिए क्यूआर कोड स्कैन सुविधा की जानकारी भी दी गई। बैठक में अपराध नियंत्रण के लिए प्रत्येक गांव में जनसहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगवाने का भी अनुरोध किया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। चौकी प्रभारी हेमेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि नावरा क्षेत्र के गांवों से शांति समिति सदस्यों को आमंत्रित कर त्योहार को लेकर चर्चा की गई। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में क्यूआर कोड की नई व्यवस्था लागू हुई है, जिससे नागरिक किसी भी तरह की शिकायत बार कोड स्कैन कर दर्ज करा सकते हैं। इधर, बुरहानपुर एसपी आशुतोष बागरी ने आमजन के लिए एक अपील जारी की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, अपमानजनक और धार्मिक या जातिगत भावनाओं को आहत करने वाली पोस्ट प्रसारित न करें। ऐसी पोस्ट समाज में तनाव और अशांति फैलाती हैं। एसपी ने लोगों से ऐसी पोस्टों को शेयर, लाइक या फॉरवर्ड न करने का आग्रह किया। उन्होंने धार्मिक और जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री से बचने और सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की सलाह दी। एसपी ने चेतावनी दी कि ऑनलाइन आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सोशल मीडिया सेल और हर थाने में मॉनिटरिंग सेल भड़काऊ पोस्टों पर लगातार नजर रख रही है।
Source link
नावरा में ईद को लेकर शांति समिति की बैठक:क्यूआर कोड से शिकायत दर्ज कराने का सुझाव, गांवों में CCTV लगाने की अपील














Leave a Reply