![]()
दतिया में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल करना शुरू कर दिया है। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान रहे। दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आईं और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। दिनभर की भीषण गर्मी के बाद शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए और शहर के कई हिस्सों के साथ हाईवे क्षेत्र में तेज आंधी चली। इसके बाद करीब 20 मिनट तक झमाझम बारिश और बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली। लोकल हीटिंग से बदला मौसम मौसम विज्ञान केंद्र भोपाल के वैज्ञानिकों के अनुसार, अत्यधिक तापमान के कारण स्थानीय स्तर पर हवा तेजी से गर्म होकर ऊपर उठती है, जिससे कम दबाव का क्षेत्र बनता है। इसे लोकल हीटिंग कहा जाता है। इसी वजह से दतिया और आसपास के क्षेत्रों में शाम के समय तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश जैसी स्थिति बनी। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह बारिश मानसून या प्री-मानसून की स्थायी गतिविधि नहीं है, बल्कि केवल स्थानीय तापीय प्रभाव का परिणाम है। अब और तीखे होंगे गर्मी के तेवर मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ने वाली है। राजस्थान की ओर से आने वाली सूखी और बेहद गर्म उत्तर-पश्चिमी हवाएं दतिया और चंबल संभाग में असर दिखाएंगी। इससे हवा में नमी खत्म होगी और तापमान में और बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने 18 मई से 22 मई के बीच दतिया और आसपास के क्षेत्रों में तीव्र लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक, इस दौरान दिन का तापमान और अधिक बढ़ सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवायजरी जारी की है। डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें। साथ ही पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है।
Source link
नौतपा से पहले दतिया में 44 पार तापमान:शाम को अचानक बदला मौसम, आंधी और बूंदाबांदी से मिली मामूली राहत
















Leave a Reply