![]()
ग्वालियर में नौतपा शुरू होने से पहले ही भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राजस्थान की ओर से आ रही शुष्क हवाओं ने शहर की हवा से नमी लगभग खत्म कर दी है। हालात ऐसे हैं कि दिन में लू के थपेड़ों से लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं, वहीं रात में भी गर्म हवा राहत नहीं दे रहीं। शुक्रवार को ग्वालियर की रात पूरे मध्यप्रदेश में सबसे गर्म दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को ग्वालियर का न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दोपहर के समय हवा में आर्द्रता घटकर केवल 15 प्रतिशत रह गई, जिससे गर्मी और अधिक झुलसाने वाली महसूस हुई। सुबह से ही तेज गर्म हवाएं चलने लगी थीं और दोपहर तक शहर के प्रमुख बाजारों, सड़कों और चौराहों पर सन्नाटा नजर आने लगा। गर्मी का असर और बढ़ सकता है मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने शनिवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और लोगों को दोपहर के समय घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लू से बचाव के लिए अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में ज्यादा देर तक न रहने की अपील की है। वन्यप्राणियों के बाड़ों में पानी का छिड़काव कर रहे कर्मचारी भीषण गर्मी का असर सिर्फ इंसानों पर ही नहीं बल्कि जानवरों पर भी दिखाई देने लगा है। ग्वालियर चिड़ियाघर में रहने वाले वन्यजीव भी तेज गर्मी से परेशान हैं। जानवरों को राहत देने के लिए चिड़ियाघर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। कर्मचारियों द्वारा सुबह और शाम उनके बाड़ों में पानी का छिड़काव किया जा रहा है ताकि वातावरण ठंडा बना रहे और जानवरों को गर्मी से राहत मिल सके। कई जानवरों को ठंडे पानी और विशेष आहार भी दिए जा रहे हैं। सड़कें सूनी नजर आ रहीं लगातार बढ़ती गर्मी ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग ने साफ किया है कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं और अगले कुछ दिन ग्वालियरवासियों को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत होगी।
Source link
नौतपा से पहले ही तपा ग्वालियर:MP में सबसे गर्म रही ग्वालियर की रात; चिड़ियाघर के जानवर भी गर्मी से बेहाल















Leave a Reply