पन्ना हाईवे पर वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत:टोल प्लाजा की CCTV फुटेज खंगाल रहा वन विभाग; डॉग स्क्वाड से सर्चिंग जारी




पन्ना जिले के दक्षिण पन्ना वनमंडल अंतर्गत पवई रेंज में बुधवार रात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत हो गई। नेशनल हाईवे-43 (NH 43) पर शिकारपुरा के पास एक अज्ञात वाहन ने तेंदुए को टक्कर मार दी। घटना के बाद वन विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं और टक्कर मारकर भागे वाहन की तलाश में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। दक्षिण पन्ना वनमंडल के डीएफओ अनुपम शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही विभाग ने तत्काल कार्रवाई की। एक टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित किया, वहीं दूसरी विशेष टीम तुरंत शाहनगर टोल प्लाजा पहुंची। टोल प्लाजा की CCTV फुटेज खंगाल रहे अधिकारी टोल प्लाजा पर रात में ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हादसे के समय के आसपास हाईवे से गुजरने वाले सभी ट्रकों और भारी वाहनों की सूची तैयार की जा रही है, ताकि संदिग्ध वाहन की पहचान की जा सके। वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची, तब तक तेंदुए ने दम तोड़ दिया था। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि तेंदुए को गंभीर आंतरिक चोटें आई थीं। उसकी पुतलियों और श्वसन क्रिया में कोई हलचल नहीं मिलने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया। साक्ष्यों को पुख्ता करने के लिए पन्ना टाइगर रिजर्व के डॉग स्क्वाड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। वन विभाग यह सुनिश्चित करना चाहता है कि जांच में कोई भी महत्वपूर्ण सुराग छूटे नहीं। डॉग स्क्वाड से जांच की जा रही है डीएफओ अनुपम शर्मा ने बताया कि डॉग स्क्वाड के निरीक्षण के बाद शव को सड़क से हटाया जाएगा। निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत विशेषज्ञों की निगरानी में पोस्टमार्टम किया जाएगा। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार तेंदुए का अंतिम संस्कार किया जाएगा। वन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वन क्षेत्र से गुजरते समय हाईवे पर सावधानी बरतें। तेज रफ्तार या लापरवाही वन्यजीवों के लिए घातक हो सकती है। फिलहाल विभाग सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहनों की गहन जांच कर रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *