![]()
पीलीभीत के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एवं सम्बद्ध चिकित्सालय के जैव रसायन (बायोकेमिस्ट्री) विभाग ने रविवार को एक दिवसीय सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम (सीएमई सह बायोकेमिस्ट्री मॉडल एग्जीबिशन) का आयोजन किया। यह कार्यक्रम ‘ब्रिजिंग मॉलीक्यूल्स टू मेडिसिन’ विषय पर केंद्रित था और ‘एसोसिएशन ऑफ क्लिनिकल केमिस्ट्री एंड लैब मेडिसिन प्रैक्टिशनर्स’ (एसीसीएलएमपी) के तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हापुड़ के डॉ. दिनेश पुरी ने पीलीभीत मेडिकल कॉलेज के शैक्षणिक प्रयासों की सराहना की और इसे उत्कृष्ट चिकित्सा शिक्षा का उभरता हुआ केंद्र बताया। विशिष्ट अतिथि देहरादून की डॉ. किरण भट्ट ने संस्थान के बुनियादी ढांचे और शैक्षणिक माहौल की प्रशंसा की। इस अकादमिक समागम में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे केजीएमयू, आरएमएलआईएमएस और होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल के वरिष्ठ विशेषज्ञों ने भाग लिया। डॉक्टरों और प्रोफेसरों ने आधुनिक प्रयोगशाला तकनीकों, कार्डियक व ऑन्को-बायोमार्कर्स, जीन एडिटिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित डायग्नोस्टिक्स और जीवनशैली जनित रोगों जैसे समसामयिक विषयों पर व्याख्यान दिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए पोस्टर, मॉडल, क्विज़ और केस-आधारित लर्निंग सत्र आयोजित किए गए, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। आयोजन सचिव और विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सक्सेना ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य लैब विज्ञान और क्लिनिकल चिकित्सा के बीच तालमेल स्थापित करना था। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करते हैं। अंत में, आर्गेनाइजिंग चेयरमैन डॉ. प्रेमचंद श्रीवास्तव ने सभी डॉक्टरों, संकाय सदस्यों, मीडिया और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. जारा और डॉ. हुमा खान ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में चिकित्सक, इंटर्न्स और छात्र उपस्थित रहे।
Source link
पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में सीएमई सह बायोकेमिस्ट्री एग्जीबिशन:'ब्रिजिंग मॉलीक्यूल्स टू मेडिसिन' विषय पर हुआ आयोजन, छात्रों ने लिया भाग















Leave a Reply