प्रतापगढ़ में किडनैपर का शव पेड़ से लटका मिला:50 मीटर दूर बेहोश पड़ा था 5 साल का मासूम, स्कूल से बहलाकर ले गया था चाचा




प्रतापगढ़ में रविवार दोपहर करीब 3 बजे किडनैपर का शव पेड़ से लटका मिला। घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर 5 साल का बच्चा बेहोश मिला। रिश्ते में लगने वाले चाचा ने उसका अपहरण किया था। बच्चे के पिता ने जौनपुर में केस दर्ज कराया था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंचे। उन्होंने बालक को तुरंत सीएचसी गौरा भेजा। शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामला फतनपुर थाना क्षेत्र के खाखापुर गांव का है। बालक की पहचान जौनपुर के धरमपुर मधुपुर गांव निवासी चंद्रभान पटेल के बेटे ऋषि पटेल के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर परिजन सीएचसी गौरा पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद ऋषि को प्रयागराज मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे निजी एंबुलेंस से प्रयागराज लेकर रवाना हो गए। ऋषि के पिता चंद्रभान पटेल ने जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर थाना में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। चंद्रभान के अनुसार, शनिवार दोपहर उनका बेटा गांव के प्राइमरी स्कूल गया, लेकिन छुट्‌टी के बाद भी घर नहीं लौटा था। स्कूल पहुंचने पर पता चला कि गांव के ही रिश्ते का चाचा कमलेश पटेल शनिवार सुबह 7:30 स्कूल गया था। यह कहकर ऋषि को अपने साथ ले गया कि उसकी मां बुला रही है। इसके बाद चंद्रभान और उनके परिवार के लोगों ने कमलेश की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बताया गया कि कमलेश के मोबाइल पर एक-दो बार घंटी गई, लेकिन बाद में उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। थानाध्यक्ष मनीष त्रिपाठी ने बताया, मामले में जौनपुर के मुंगरा बादशाहपुर थाना में पहले से मुकदमा दर्ज है। आरोपी कमलेश पटेल का शव प्रतापगढ़ में मिला है, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, बच्चे को इलाज के लिए सीएचसी गौरा में भर्ती कराया गया था। यहां से बादशाहपुर पुलिस और उसके परिजन उसे अपने साथ ले गए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *