प्रेमी की हत्यारोपी प्रेमिका पति के साथ गिरफ्तार:पुलिस ने रखा था 25 हजार का इनाम, पीट-पीटकर मार डाला था




फतेहपुर जिले में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में फरार चल रही 25 हजार रुपये की इनामी प्रेमिका को पुलिस ने उसके पति के साथ गिरफ्तार कर लिया है। मलवां थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने बताया कि मानसिंह (25) पुत्र राज बिहारी और उसकी पत्नी तारावती (26) पत्नी मानसिंह वांछित अभियुक्त थे। मानसिंह पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने दोनों को रेलवे ओवर ब्रिज, ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार किया। इन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 191(2) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)5 के तहत मामला दर्ज है। यह मामला हुसैनगंज थाना क्षेत्र के भिटौरा गांव के कमलेश दिवाकर (42) की हत्या से जुड़ा है। कमलेश के भाई सुमेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 4 मई की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच कमलेश घर से बाहर निकले थे और वापस नहीं लौटे। 5 मई की सुबह करीब 6 बजे ग्राम प्रधान ने सूचना दी कि कमलेश का शव जिला अस्पताल में रखा हुआ है। सुमेश ने आरोप लगाया था कि कमलेश की प्रेमिका तारा देवी ने उन्हें धोखे से मलवां थाना क्षेत्र के बुधैयापुर बुलाया था। वहां तारा देवी के पति मानसिंह, ससुर राज बिहारी और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर कमलेश के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर हालत में कमलेश को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान सुबह करीब 6:30 बजे उनकी मौत हो गई। मृतक कमलेश शटरिंग का काम करते थे। पोस्टमार्टम हाउस में उनकी पत्नी सविता देवी और दो बेटियां, कोमल (11) और विद्यावती (8), मौजूद थीं। हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी। उन्होंने सूचना दी थी कि बधैयापुर गांव में एक व्यक्ति को भैंस चोरी का प्रयास करते हुए पकड़ा गया है और गांव वालों ने उसे पीटकर घायल कर दिया है। हालांकि, पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *