![]()
संभल पुलिस ने एक महिला की झुलसकर हुई मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि महिला ने अपने प्रेमी के कहने पर खुद को आग लगाई थी। इसका उद्देश्य मिट्टी विवाद को लेकर एक ग्रामीण को झूठे मामले में फंसाना था। पुलिस ने पहले ग्रामीण के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन अब प्रेमी को साजिश रचने और आत्मदाह के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना संभल जनपद के गुन्नौर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव की है। मृतका की पहचान अनेकश्री (44) पत्नी स्वर्गीय किशनपाल के रूप में हुई है। घटना 18 मई की रात करीब 3:30 बजे हुई थी। अनेकश्री 70% से अधिक झुलस गई थीं। उन्हें सीएचसी गुन्नौर से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया। बाद में उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत ने सोमवार को इस मामले का खुलासा किया। जांच में पता चला कि अनेकश्री का अपने ही गांव के कल्याण पुत्र रामरतन से प्रेम-प्रसंग था। अनेकश्री अपने मकान का निर्माण करा रही थीं, जिसमें मिट्टी भराव को लेकर गांव के श्यौराज ने विरोध किया था। इस पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। अनेकश्री ने इसकी शिकायत अपने प्रेमी कल्याण सिंह से की। प्रेमी कल्याण ने अनेकश्री को उकसाया कि वह अपने कपड़ों पर थोड़ा डीजल डालकर आग लगा ले। उसका मकसद श्यौराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर उसे जेल भिजवाना था। एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत ने बताया कि तथ्यात्मक जांच और विवेचना के बाद पुलिस ने कल्याण पुत्र रामरतन को गिरफ्तार कर लिया है। उसे जेल भेज दिया गया है।
Source link
प्रेमी के कहने पर महिला ने लगाई थी आग:पड़ोसी को फंसाने का था षडयंत्र, जलकर हो गई थी मौत, आरोपी गिरफ्तार
















Leave a Reply