फर्रुखाबाद के कायमगंज मंडी में लगी आग:लाखों का बारदाना जला, एटा से बुलाई दमकल; व्यापारियों ने गार्डों पर लगाए आरोप




फर्रुखाबाद के कायमगंज स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में रविवार देर रात आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। तेज हवा के चलते आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और कई फल व्यापारियों की दुकानें जलकर राख हो गईं। आग लगने से फल विक्रेता नन्हे मियां, शानू खान, इफ्तार और अंबुज गंगवार की दुकानें पूरी तरह जल गईं। व्यापारियों के अनुसार, आम के सीजन को देखते हुए दुकानों में भारी मात्रा में नया बारदाना और अन्य सामान रखा गया था, जो आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। इससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि एक गाड़ी से स्थिति पर काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद एसडीएम अतुल कुमार सिंह, सीओ राजेश कुमार द्विवेदी और कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने फर्रुखाबाद और एटा जनपद के अलीगंज से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलवाईं।
कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। घटना के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी मंडी परिसर में पहुंच गए। व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष संजय गुप्ता और उमेश गुप्ता ने मंडी समिति के सुरक्षा गार्डों पर लापरवाही का आरोप लगाया। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते आग की जानकारी हो जाती तो इतना बड़ा नुकसान टाला जा सकता था। उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित व्यापारियों को मुआवजा देने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *