![]()
फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा में डूबे 16 वर्षीय किशोर विक्रम की तलाश सोमवार को सूर्योदय के बाद फिर से शुरू हो गई है। हालांकि, अभी तक उसका शव नहीं मिल पाया है, जिससे परिवार के लोग परेशान हैं। परिजन रविवार रात भर गंगा किनारे डेरा डाले रहे। यह घटना मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव निसाई से संबंधित है। गांव में हाल ही में सार्वजनिक रूप से भागवत कथा का आयोजन किया गया था। कथा के समापन के बाद शनिवार को भंडारा हुआ था। रविवार दोपहर बाद गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से विसर्जन का सामान लेकर शहर के पांचाल घाट पहुंचे थे। विसर्जन के बाद दुर्वासा ऋषि आश्रम के सामने गंगा में सभी लोग स्नान कर रहे थे। इसी दौरान 16 वर्षीय विक्रम गहरे पानी में चला गया और डूब गया। विक्रम के डूबने पर चीख-पुकार मच गई। गोताखोर मौके पर पहुंचे, लेकिन देर शाम तक उसकी तलाश में कोई सफलता नहीं मिली। परिवार के सदस्य रविवार रात भर घाट पर ही रुके रहे। सोमवार को सूर्योदय के साथ ही उसकी खोजबीन दोबारा शुरू की गई, लेकिन शव अब तक बरामद नहीं हो सका है। विक्रम कक्षा 11 का छात्र था। उसके तहेरे भाई शिवेक ने बताया कि विक्रम दो भाइयों में बड़ा था, छोटे भाई का नाम कमल बाबू है। विक्रम के पिता राजीव पाल खेती करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस घटना से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Source link
फर्रुखाबाद में गंगा में डूबे किशोर की तलाश जारी:भागवत कथा विसर्जन के बाद स्नान करते समय डूबा, परिजन रात भर रहे घाट पर















Leave a Reply