फिरोजाबाद में हर्निया ऑपरेशन के बाद मजदूर की मौत:अस्पताल संचालक ताला लगाकर फरार, परिजनों ने किया हंगामा; जांच के बाद अस्पताल होगा सील




फिरोजाबाद के टूंडला क्षेत्र में स्थित एक अवैध अस्पताल में हर्निया के ऑपरेशन के बाद एक मजदूर की मौत हो गई। घटना अलीनगर कैंजरा स्थित एमएस हॉस्पिटल की है। मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। जानकारी के अनुसार, थाना टूंडला क्षेत्र के नगला गुमान कुर्री कूपा निवासी 33 वर्षीय उमेश उर्फ कन्हैया को हर्निया की शिकायत थी। परिजनों ने उसे 19 मई को एमएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल संचालक डॉ. पीके यादव ने 20 मई को उसका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत लगातार बिगड़ती चली गई। रविवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सोमवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल पर ताला लगाकर फरार हुआ संचालक मरीज की मौत की जानकारी मिलते ही अस्पताल संचालक डॉ. पीके यादव अस्पताल पर ताला लगाकर फरार हो गया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए और लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने संभाला मोर्चा सूचना पर थाना प्रभारी टूंडला बैजनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। घटना की जानकारी मिलने पर सदर ब्लॉक प्रमुख लक्ष्मी नारायण यादव और समाजवादी पार्टी के पूर्व एमएलसी डॉ. दिलीप यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। स्वास्थ्य विभाग बोला- अवैध था अस्पताल स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी नागेंद्र माहेश्वरी ने बताया कि एमएस हॉस्पिटल बिना पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। मामले की जांच कर अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध अस्पतालों पर उठे सवाल इस घटना के बाद क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिले में कई अस्पताल बिना मानकों और पंजीकरण के चल रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग समय पर कार्रवाई नहीं करता।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *