फूल तोड़ने गई महिला की करंट लगने से मौत:देवरिया में जर्जर बिजली तार टूटकर गिरा; ग्रामीणों ने विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप




देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला पूजा के लिए फूल तोड़कर घर लौट रही थी। घटना गौरीबाजार क्षेत्र के सांडा के परसिया मजरे की है। गांव निवासी मैना देवी (48) पत्नी मोती यादव रोज की तरह शनिवार तड़के घर से कुछ दूरी पर फूल तोड़ने गई थीं। बताया जा रहा है कि लौटते समय सड़क किनारे नीचे लटक रहा एलटी बिजली का तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा। करंट की चपेट में आते ही मैना देवी मौके पर गिर पड़ीं और उनकी वहीं मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बिजली आपूर्ति बंद कराने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाए आरोप ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ट्रांसफार्मर के पास सड़क किनारे काफी समय से जर्जर बिजली का तार नीचे लटक रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तार बदल दिया जाता, तो महिला की जान बच सकती थी। पुलिस ने शुरू की जांच मृतका के परिवार में दो बेटे शैलेश और सत्यपाल तथा दो बेटियां उर्मिला और प्रमिला हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ कार्रवाई और मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *