![]()
संभल में ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीस कमेटी की बैठक की गई। यह बैठक बुधवार शाम 6:30 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार बहजोई में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई की अध्यक्षता में हुई। दो घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में मुस्लिम धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों और नागरिकों से आपसी सौहार्द बनाए रखने में सहयोग का आह्वान किया गया। जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने सभी अधिशासी अधिकारियों (नगर पालिका एवं नगर पंचायत) को 28, 29 और 30 मई को साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पानी की सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने और पानी के टैंकरों की वैकल्पिक व्यवस्था रखने को कहा। कुर्बानी स्थलों के आसपास बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि कोई जानवर प्रवेश न कर सके। इसके अतिरिक्त, विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने और कुर्बानी के बाद अपशिष्ट का समय पर उठान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों से संवाद करते हुए त्योहार के दौरान कोई नई परंपरा स्थापित न करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी हर हाल में प्रतिबंधित रहेगी। सभी एसडीएम, सीओ, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमणशील रहकर शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। एसपी ने चेतावनी दी कि धार्मिक संवेदनशील मामलों में माहौल खराब करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने सभी से अपील की कि कुर्बानी से संबंधित कोई भी वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड या शेयर न करें। आपसी भाईचारा बनाए रखने और खुले में कुर्बानी न करने पर भी विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, एएसपी उत्तरी कुलदीप सिंह, एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत, एसडीएम संभल निधि पटेल, एसडीएम गुन्नौर विकास चंद्र, एसडीएम चंदौसी नीतू रानी, डिप्टी कलेक्टर आशुतोष तिवारी, सीओ गुन्नौर आलोक सिद्धू, सीओ चंदौसी दीपक तिवारी, सीओ संभल कुलदीप कुमार, नगर पालिका परिषद संभल अधिशासी अधिकारी डॉ. मणिभूषण तिवारी एवं मुफ्ती आलम रजा नूरी, तनजीम अशरफ, सलमान अब्बास जैदी आदि दर्जनों लोग मौजूद रहे।
Source link
बकरीद पर प्रतिबंधित कुर्बानी, वीडियो अपलोड पर कार्रवाई की चेतावनी:संभल में पीस कमेटी बैठक, डीएम-एसपी ने मुस्लिम धर्मगुरुओं से बात की














Leave a Reply