बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन:बैलगाड़ी पर बाइक रखकर शहर में निकाली रैली, मोहन मरकाम बोले- केंद्र सरकार की कथनी-करनी में अंतर




कोंडागांव में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर किया गया। कार्यकर्ताओं ने शहर में एक अनोखी रैली निकाली, जिसमें बैलगाड़ी पर बाइक रखकर और खाली गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन किया गया। महिलाओं ने भी सिर पर चूल्हा जलाने की लकड़ी और खाली सिलेंडर उठाकर महंगाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी इस रैली ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कांग्रेस कार्यकर्ता बैलगाड़ी पर बाइक के साथ पेट्रोल पंप पहुंचे और प्रतीकात्मक रूप से पेट्रोल डलाने की बात कहकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। इस दौरान महंगाई विरोधी नारे भी लगाए गए। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि केंद्र सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। महंगे गैस सिलेंडर पर सरकार को घेरा उन्होंने प्रधानमंत्री के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले वह लोगों को लकड़ी के चूल्हे के धुएं से बचने और गैस का उपयोग करने की सलाह देते थे, लेकिन अब गैस सिलेंडर के दाम इतने बढ़ गए हैं कि गरीब और मध्यम वर्ग के परिवार फिर से लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। मरकाम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक ओर आम जनता को पेट्रोल-डीजल बचाने और वर्चुअल बैठकों की सलाह दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर बड़े नेताओं और मंत्रियों के लंबे काफिले सड़कों पर दौड़ रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री के बस्तर प्रवास का उदाहरण देते हुए कहा कि चार राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बुलाने के बजाय बैठक वर्चुअल माध्यम से भी की जा सकती थी, जिससे हजारों लीटर पेट्रोल और डीजल की बचत होती। कांग्रेस नेताओं ने जोर देकर कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों से समाज का हर वर्ग परेशान है। कांग्रेस ने केंद्र सरकार से जल्द महंगाई कम करने और आम जनता को राहत प्रदान करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *