बदायूं में बीजेपी उपाध्यक्ष, शिक्षक नेता में समझौता:दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ दी थी तहरीर, अब नहीं चाहते कार्रवाई




बदायूं में बीजेपी जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी और शिक्षक नेता विशाल मिश्रा के बीच हुए विवाद में समझौता हो गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष अब एक-दूसरे के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं, जिसके बाद सुलहनामा किया गया। एक दिन पहले दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नयागंज निवासी शिक्षक नेता विशाल मिश्रा ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बीजेपी जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी पर व्हाट्सएप कॉल करके गालीगलौज और धमकाने का आरोप लगाया था। दूसरी ओर, अनुज माहेश्वरी ने भी पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि विशाल के परिचित के बुलावे पर वह शनिवार देर रात सहसवान में पाठशाला के पास पहुंचे थे। वहां शिक्षक नेता विशाल मिश्रा समेत उनके कई साथी मौजूद थे। उपाध्यक्ष के मुताबिक, उस समय उनके साथ कोई अनहोनी हो सकती थी, लेकिन ऐन वक्त पर भीड़ आ जाने से वह बच निकले। पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच सुलहनामा हो गया। कोतवाल धनंजय सिंह ने पुष्टि की कि दोनों पक्षों में समझौता हो गया है और वे अब कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। बताया जाता है कि इस विवाद की वजह फेसबुक पोस्ट बनी थी। शिक्षक नेता ने कुछ पोस्ट अपलोड की थीं, जिन्हें अनुज माहेश्वरी ने अपने खिलाफ लिखा हुआ माना। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *