![]()
बदायूं में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी और एक शिक्षक नेता विशाल मिश्रा के बीच विवाद सामने आया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धमकाने और गालीगलौज करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह विवाद फेसबुक पर शुरू होकर अब सड़क पर आ गया है। सहसवान नगर निवासी विशाल मिश्रा बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक हैं और जूनियर शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष भी हैं। उनकी तहरीर के अनुसार, शनिवार रात 10 बजकर 37 मिनट पर अनुज माहेश्वरी ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल की। आरोप है कि कॉल के दौरान माहेश्वरी ने उन्हें गालीगलौज की और घर से न निकलने देने की धमकी दी। विशाल मिश्रा ने अपनी शिकायत में यह भी बताया है कि उनकी ड्यूटी जनगणना में लगी है और ऐसे माहौल में काम करना मुश्किल होगा। पुलिस कर रही मामले की जांच दूसरी ओर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने शिक्षक नेता विशाल मिश्रा और उनके कुछ अज्ञात साथियों पर उन्हें बुलाकर धमकाने का आरोप लगाया है। माहेश्वरी के मुताबिक, विशाल फेसबुक पर पोस्ट करके उनकी छवि खराब कर रहे थे। उन्होंने विशाल को फोन करके इस बारे में पूछा, जिसके बाद विशाल ने कथित तौर पर गालीगलौज शुरू कर दी। अनुज माहेश्वरी ने बताया कि फोन काटने के बाद वह उझानी में एक पार्टी में चले गए। देर रात लौटने पर उन्हें विशाल के एक परिचित का फोन आया, जिसने उन्हें ‘पाठशाला’ पर बुलाया। माहेश्वरी के पहुंचने पर वहां शिक्षक विशाल मिश्रा और उनके समर्थक मौजूद थे, जिन्होंने कथित तौर पर उनसे अभद्र बातें कीं। माहेश्वरी ने आशंका जताई कि उनके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती थी, लेकिन उनके कुछ परिचितों के आने से स्थिति संभल गई। सहसवान के एसएचओ धनंजय सिंह ने बताया कि उन्हें दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बदायूं में बीजेपी उपाध्यक्ष पर धमकाने का आरोप:दोनों पक्षों ने पुलिस को दी तहरीर, फेसबुक पर शुरू हुई थी लड़ाई















Leave a Reply