बलौदाबाजार के रिंगनी में युवक पर चाकू से हमला:पूर्व विवाद पर रात 2 बजे घर में घुसकर की वारदात, आरोपी 2 घंटे में गिरफ्तार




बलौदाबाजार के ग्राम रिंगनी में एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हथबंद पुलिस ने इस मामले में आरोपी को मात्र दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित शिवा बघेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर में वह आरोपी महेश बंजारे के साथ बैठा था। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और बहस हो गई थी। विवाद के बाद शिवा अपने घर लौट आया था। रात करीब 2 बजे आरोपी महेश नशे की हालत में शिवा के घर में घुस आया। उसने शिवा को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए तेज धार वाले चाकू से कई बार वार किए। हमले में शिवा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 333, 351(2) और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया। हथबंद पुलिस ने सूचना मिलते ही सक्रियता दिखाते हुए तकनीकी और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपी महेश (22 वर्ष) को रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र दो घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी महेश ने बताया कि दोपहर के विवाद के कारण वह गुस्से में था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *