बस स्टैंड के पास टायर-ऑयल की दुकानों में आग लगी:मैनपुरी में 1 करोड़ के नुकसान की आशंका, दो मंजिल तक उठीं लपटें




मैनपुरी में बस स्टैंड के पास देर रात इंजन ऑयल और टायर की दो दुकानों में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि लपटें दो मंजिल तक उठती दिखाई दीं। फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक लाखों का सामान जलकर राख हो चुका था। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना शहर के बस स्टैंड से करीब 50 मीटर दूर स्थित अनमोल ट्रेडर्स और महेश्वरी ट्रेडिंग कंपनी में हुई। दोनों दुकानों में इंजन ऑयल, टायर, बैटरी और अन्य ज्वलनशील सामान रखा था। देर रात एक दुकान से धुआं उठना शुरू हुआ और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। इंजन ऑयल और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई और लपटें दो मंजिल तक पहुंच गईं।
आग लगने के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण कोई दुकान के पास नहीं जा सका। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए चार दमकल गाड़ियों को लगाया गया। करीब एक घंटे तक चली मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना में महेश्वरी ट्रेडर्स की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि अनमोल ट्रेडर्स में भी भारी नुकसान हुआ। आग की चपेट में आने से दुकान के बाहर से गुजर रही बिजली की केबलें भी जल गईं। इसके बाद बिजली विभाग ने एहतियातन इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। बस स्टैंड के पास घटना होने के कारण मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर यातायात डायवर्ट कर दिया ताकि राहत और बचाव कार्य में बाधा न आए। स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक दुकानों में रखा फर्नीचर, इंजन ऑयल, टायर और अन्य सामान पूरी तरह जल गया है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब एक करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। सीओ सिटी संतोष कुमार ने बताया- सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका सामने आई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *