बाइक को बचाने में अनियंत्रित होकर कार पलटी:एक की मौत, सात घायल, चालक सीट बेल्ट लगाए होने से बची जान




ग्वालियर-इटावा नेशनल हाईवे 719 पर मालनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार एक तेज रफ्तार कार बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर कई पलटियां खा गई। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार और बाइक सवार सहित सात लोग घायल हुए हैं। हादसे में चालक की जान एयरबैग और सीट बेल्ट के कारण बच गई।
मालनपुर थाना अंतर्गत हरीराम की कुईया के पास सोमवार को गोहद से ग्वालियर जा रही कार अचानक सामने आई बाइक को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज रफ्तार में थी। चालक ने बाइक क्रमांक जीजे-01-यूएक्स-6704 को बचाने के लिए अचानक स्टेयरिंग मोड़ा, लेकिन वाहन नियंत्रण से बाहर होकर सड़क किनारे खंती पार करते हुए कई पलटियां खाकर दूर जा गिरा।
हादसे में कार में सवार 65 वर्षीय लज्जाराम श्रीवास निवासी कठवां हाजी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक देवेंद्र तोमर, विमला राठौर, सोमता राठौर, नौ वर्षीय परी राठौर और बंटू शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी ओर बाइक पर सवार सुरेंद्र उपाध्याय और खुशबू उपाध्याय निवासी मेहगांव भी हादसे की चपेट में आकर घायल हुए हैं।
घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे में एक महत्वपूर्ण बात सामने आई कि कार चालक देवेंद्र तोमर सीट बेल्ट लगाए हुए थे। कार पलटते ही एयरबैग खुल गए, जिससे चालक को गंभीर चोट नहीं आई और उसकी जान बच गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि सीट बेल्ट नहीं लगी होती तो हादसा और भी जानलेवा साबित हो सकता था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *