![]()
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी स्थित रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में एक गर्भवती महिला के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाबा के वेश में आए दो व्यक्तियों ने बेटा होने का झांसा देकर इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के पति ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार में पहले से छह बेटियां हैं और उनकी पत्नी वर्तमान में गर्भवती है। आज सुबह दो व्यक्ति, जो बाबा के वेश में थे, उनके गांव पहुंचे और परिवार के बारे में जानकारी लेने लगे। उन्होंने भभूति लगाने से इस बार बेटा पैदा होगा। आरोप है कि बेटा होने की लालच में महिला उनकी बातों में आ गई और भभूति लगाने के लिए राजी हो गई। इस दौरान, कथित बाबा के साथ आए दूसरे व्यक्ति ने महिला के पति को घर के बाहर बातचीत में उलझाए रखा। घर के अंदर कथित बाबा ने महिला के साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर उसका मुंह दबाने का भी आरोप है। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने तुरंत अपने पति को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण आरोपियों की तलाश में जुट गए। काफी प्रयास के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। हालांकि, बाद में उसके गृह जनपद से सत्यापन के आधार पर उसे छोड़ दिया गया। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि वह व्यक्ति भिक्षा मांगने का कार्य करता है। दूसरा आरोपी अभी भी फरार है। कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि मामले में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने बेटे के जन्म के नाम पर एक बोरी गेहूं लेने की बात कही थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि महिला के साथ अश्लीलता की पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बाराबंकी में गर्भवती महिला से अश्लील हरकत:बाबा बनकर आए दो व्यक्ति ने दिया बेटा होने का झांसा, कहा- भभूति लगाओ















Leave a Reply