बाराबंकी में 132 केवी बिजली घर का ट्रांसफार्मर फुंका:10 लाख से अधिक आबादी प्रभावित, भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी




उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र में स्थित 132 केवी बिजली घर में देर रात एक बड़ा हादसा हुआ। यहां लगा करीब 28 वर्ष पुराना ट्रांसफार्मर अचानक तेज धमाके के साथ फुंक गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। आग की ऊंची लपटें पूरे पावर स्टेशन परिसर में फैल गईं। यह घटना रात करीब डेढ़ बजे हुई। भीषण गर्मी और बढ़ते ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर में ओवरहीटिंग हुई, जिससे यह हादसा हुआ। बिजली घर में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। ट्रांसफार्मर फुंकने से रामसनेहीघाट, दूल्हदेपुर, सफदरगंज, सुबेहा, पूरेडलई, दरियाबाद, टिकैतनगर, सिधौर और देवीगंज सहित कई विद्युत उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। इसके अतिरिक्त, पड़ोसी जनपद अयोध्या के पटांगवा और मवई विद्युत उपकेंद्रों की सप्लाई भी बाधित हो गई। इस घटना के कारण लगभग एक हजार गांवों की दस लाख से अधिक आबादी बिजली संकट से जूझ रही है। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। जिले के कई इलाकों में पहले से ही लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या थी, जिससे यह संकट और गहरा गया। बिजली विभाग के कर्मचारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से आपूर्ति बहाल करने का प्रयास शुरू किया। लगभग ढाई घंटे की मशक्कत के बाद कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, हालांकि कुछ गांवों में देर रात तक बिजली संकट बना रहा। अधिकारियों के अनुसार, पुराने ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते लोड के कारण लगातार खतरा बना हुआ है, और ओवरलोडिंग रोकने के लिए रोस्टिंग भी की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *