बालाघाट में 50 बिस्तरीय अस्पताल का दो बार भूमिपूजन:पूर्व मंत्री की उपेक्षा पर भाजपा नेताओं ने किया दोबारा शिलान्यास किया, सांसद की फोटो गायब




बालाघाट जिले के लालबर्रा में 50 बिस्तरों वाले अस्पताल के निर्माण को लेकर अजीब स्थिति बन गई है। 9.95 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस अस्पताल का महज 4 दिनों के भीतर दो बार भूमिपूजन किया गया। पहला भूमिपूजन 15 मई को सांसद भारती पारधी और कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने किया था, लेकिन बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बाजे-गाजे के साथ रैली निकालकर दोबारा उसी काम का शिलान्यास कर दिया। जनपद उपाध्यक्ष किशोर पालीवाल ने आरोप लगाया कि इस अस्पताल की मंजूरी पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने दिलाई थी, लेकिन पहले भूमिपूजन के पोस्टर से उनका नाम ही गायब था। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय भाजपा जनप्रतिनिधियों और संगठन के लोगों को पहले कार्यक्रम की जानकारी तक नहीं दी गई थी। इसी बात से नाराज होकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम को दूसरी बार भूमिपूजन करने का फैसला लिया। अपनी ही सांसद का विरोध! हैरानी की बात यह रही कि बुधवार को हुए दूसरे भूमिपूजन के पोस्टर से खुद भाजपा सांसद भारती पारधी की तस्वीर गायब थी। इससे इलाके में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या लालबर्रा में भाजपा संगठन अपनी ही सांसद का विरोध कर रहा है। अपनी पार्टी की सांसद द्वारा किए गए पहले भूमिपूजन को दरकिनार कर कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और दोबारा पत्थर रखकर काम की शुरुआत की। रैली निकालकर किया दोबारा शिलान्यास बुधवार शाम 5 बजे भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जमा हुए और गाजे-बाजे के साथ रैली निकालते हुए तय जगह पर पहुंचे। यहां उन्होंने फिर से अस्पताल निर्माण का शिलान्यास किया। इस पूरे घटनाक्रम ने जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है कि एक ही सरकारी काम का दो बार पूजन क्यों किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *