बालोद जिले को मिले डायल-112 के 10 नए हाईटेक वाहन:अब शहर में 10 मिनट और गांवों में 30 मिनट के भीतर पहुंचेगी पुलिस सहायता




बालोद पुलिस द्वारा बुधवार दोपहर 12 बजे जिले में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक डायल-112 आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों का शुभारंभ किया गया। जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इन आधुनिक वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, वायरलेस नेटवर्क, आधुनिक संचार प्रणाली और त्वरित प्रतिक्रिया सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से सड़क दुर्घटना, महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, विवाद और चिकित्सा आपात स्थिति जैसी घटनाओं में कम समय में सहायता पहुंचाई जा सकेगी। बालोद पुलिस के अनुसार जिले के 9 थानों में डायल-112 वाहन तैनात किए गए हैं, जबकि 1 वाहन पुलिस मुख्यालय में रिजर्व रखा जाएगा। डायल-112 योजना के तहत शहर क्षेत्रों में 10 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर पुलिस सहायता पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। प्रशिक्षित पुलिस टीम घटनास्थल पर शीघ्र पहुंचकर नागरिकों को तत्काल सहायता और सुरक्षा प्रदान करेगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि एक्के नंबर सबो बर – 112 व्यवस्था से अब लोगों को अलग-अलग आपात सेवाओं के लिए अलग नंबर याद रखने की जरूरत नहीं होगी। केवल 112 डायल कर पुलिस, चिकित्सा और अन्य आपात सेवाओं की सहायता प्राप्त की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी। एएसपी मोनिका ठाकुर ने कहा कि नागरिकों को सरल, सुलभ और त्वरित सहायता उपलब्ध कराना बालोद पुलिस की प्राथमिकता है। अब किसी भी समस्या या आपात स्थिति में सिर्फ 112 डायल करना होगा। कार्यक्रम में DFO अभिषेक अग्रवाल, ADM चंद्रकांत कौशिक, मधुलिका तिवारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, स्कूली बच्चे और आम नागरिक उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *