बिजनेस के लालच में 1.30 लाख गंवाए:अहरौरा पुलिस ने साइबर पीड़ित के 90 हजार रुपये वापस कराए




मिर्जापुर में बिजनेस में मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 1.30 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई। शिकायत मिलने पर अहरौरा पुलिस की साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 90 हजार रुपये वापस करा दिए। अहरौरा थाना क्षेत्र के पटवा टोला निवासी राजेश कुमार पुत्र स्वर्गीय महादेव ने 1 जून 2025 को एनसीआरपी पोर्टल पर इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर बिजनेस में भारी मुनाफे का झांसा दिया और विभिन्न माध्यमों से उनके खाते से 1 लाख 30 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए अहरौरा थाना की साइबर सेल टीम ने तुरंत जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में टीम ने बैंकों और संबंधित वित्तीय माध्यमों से समन्वय स्थापित किया। इसके परिणामस्वरूप, ठगी गई रकम में से 90 हजार रुपये को होल्ड कराकर पीड़ित के खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दिया गया। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित राजेश कुमार ने मिर्जापुर पुलिस और साइबर सेल टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस ने उन्हें साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए। साथ ही, अंजान कॉल और निवेश संबंधी लालच से सतर्क रहने की सलाह दी गई। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार मिश्र, मुख्य आरक्षी नरेंद्र सिंह और महिला आरक्षी महिमा उपाध्याय शामिल थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *