बिजली कटौती पर सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन:राज्यपाल के नाम DM को ज्ञापन, समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी




लखीमपुर खीरी में सोमवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने राज्यपाल के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार जिला मुख्यालयों को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उनका कहना था कि जिला मुख्यालयों पर पांच घंटे भी नियमित बिजली नहीं मिल पा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। घरों में पेयजल संकट गहरा गया है, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं। लोगों ने सरकार पर पिछले कई वर्षों में बिजली उत्पादन बढ़ाने के लिए कोई ठोस कदम न उठाने का आरोप लगाया। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली संकट का समाधान जल्द नहीं किया गया, तो पूरे जनपद में व्यापक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान रैय्यान अंसारी, तालिब नजीर, अरशद खान, अदनान अंसारी, वसीम, सलमान सहित बड़ी संख्या में नगरवासी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *