बिजली तार से टकराई मूंगफली लदी गाड़ी में लगी आग:दतिया में ग्रामीणों ने समय रहते बाल्टियों से बुझाई




दतिया में बसई थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया। बसई-बरधुवा प्रधानमंत्री सड़क पर मूंगफली से भरी एक लोडिंग गाड़ी में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने अपने घरों से पानी लाकर आग बुझाई, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। जानकारी के अनुसार यूपी UP 94 T 6517 लोडिंग वाहन मूंगफली भरकर झांसी की ओर जा रहा था। इसी दौरान बसई बस्ती से गुजरते समय वाहन में लदी मूंगफली ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से टकरा गई। टकराते ही चिंगारी निकली और मूंगफली में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। बाल्टियों और डिब्बों से आग बुझाई
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बाल्टियों और डिब्बों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों की तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया। इससे वाहन और उसमें सवार लोगों की जान बच गई। आग लगने से गाड़ी में रखा कुछ सामान जरूर जल गया, लेकिन बड़ा नुकसान टल गया। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो लाखों रुपए का नुकसान हो सकता था। साथ ही आसपास रिहायशी इलाका होने से बड़ा हादसा भी हो सकता था। घटना के बाद एक बार फिर बसई क्षेत्र में फायर ब्रिगेड जैसी मूलभूत सुविधा नहीं होने का मुद्दा उठने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आग बुझाने के संसाधनों की व्यवस्था नहीं होने से हर बार लोगों को खुद ही मोर्चा संभालना पड़ता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *