बिलासपुर में बिजली सप्लाई बाधित,लोगों ने घेरा ऑफिस:कहा-कटौती के कारण पीने के पानी की भी किल्लत;सप्लाई बहाल नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी




बिलासपुर में भीषण गर्मी के बीच बदहाल बिजली व्यवस्था से लोग परेशान हैं। ओवरलोड के कारण कहीं ट्रांसफार्मर खराब हो रहे हैं तो कहीं तकनीकी खराबी आ रही है। वहीं बिना सूचना के होने वाले मेंटेनेंस ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज लोगों ने नेहरू नगर स्थित बिजली कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि बिजली कटौती के कारण अब पीने के पानी की भी किल्लत होने लगी है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं विभाग ने समस्या समाधान का आश्वासन दिया है। रातभर अंधेरे में रहे लोग, पानी सप्लाई भी ठप नेहरू नगर के मंगला क्षेत्र, भक्त कंवरराम नगर, कस्तूरबा नगर और सिंधी कॉलोनी में इन दिनों बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लगातार बिजली कटौती हो रही है, लेकिन शिकायतों के बावजूद विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा। बुधवार रात भी कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रही और अगले दिन तक सप्लाई सामान्य नहीं हो सकी। बिजली बंद रहने से पानी सप्लाई भी प्रभावित हुई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी के बीच लोगों को रातभर अंधेरे में गुजारना पड़ा, जिससे क्षेत्र में भारी नाराजगी देखने को मिली। ट्रांसफार्मर में लगी आग, मची अफरा-तफरी गुरुवार सुबह स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब सिंधी कॉलोनी के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर लंबे समय से खराब हालत में था और समय रहते मरम्मत या सुधार कार्य किया जाता तो यह स्थिति नहीं बनती। रहवासियों ने आरोप लगाया कि लो वोल्टेज की समस्या के कारण कई घरों के बिजली उपकरण और पानी की मोटर भी खराब हो चुकी हैं। बिजली ऑफिस पहुंचकर किया प्रदर्शन समस्या से परेशान बड़ी संख्या में वार्डवासी गुरुवार सुबह नेहरू नगर स्थित बिजली कार्यालय पहुंचे और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और नियमित बिजली सप्लाई बहाल नहीं हुई, तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं, बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता ने लोगों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *