बिलासपुर में 150 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी:अंडरग्राउंड बिजली, 3 एम्बुलेंस सहित कई परियोजनाओं पर मुहर




बिलासपुर में जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) की शासी परिषद की बैठक में 150 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई। इन कार्यों में शहर के घनी आबादी वाले गोलबाजार, नेहरू चौक और कोर्ट परिसर में भूमिगत बिजली व्यवस्था स्थापित करना शामिल है। बैठक में पुलिस विभाग को घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन नई एम्बुलेंस प्रदान करने और पुलिस ग्राउंड मंच के कायाकल्प समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिली। यह वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नवीन वार्षिक कार्य-योजना का हिस्सा है। इन प्रस्तावों पर अनुमोदन बैठक में जिले के विकास के लिए प्रस्तुत प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा के बाद अनुमोदन दिया गया। पेयजल संबंधी कार्यों के लिए 5 करोड़ 60 लाख रुपए, स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए 16 करोड़ रुपए और शिक्षा क्षेत्र के लिए 31 करोड़ 64 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। शिक्षा मद में महाविद्यालयों में शेड निर्माण, शिक्षा केंद्रों के लिए शेड निर्माण और स्कूलों में आवश्यकतानुसार कक्ष और शेड निर्माण शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, महिला एवं बाल कल्याण के लिए 6 करोड़ रुपए, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए 11 करोड़ रुपए, वृद्ध और दिव्यांगजन कल्याण के लिए 10 करोड़ 35 लाख रुपए और कौशल विकास के लिए 8 करोड़ रुपए सहित अन्य कार्यों के लिए भी राशि आवंटित की गई है। हर विधानसभा में बनेगा ‘सियान सदन’ इसके अलावा बैठक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक सियान सदन, पुलिस विभाग को दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन एम्बुलेंस, शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र गोल बाजार और नेहरू चौक से कोर्ट परिसर तक अंडरग्राउण्ड बिजली व्यवस्था, मल्हार मंदिर परिसर में शेड निर्माण, पुलिस ग्राउण्ड के मुख्य मंच का कायाकल्प, मंगला, तिफरा, उस्लापुर और बहतराई में मुक्तिधाम, सभी विकासखण्डों के चुनिंदा ग्राम पंचायतों में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, ट्रैफिक नियंत्रण के लिए हाइड्रा वाहन खरीदी आदि के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। ये रहे मौजूद मंगलवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी सहित शासी परिषद के सदस्य और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *