![]()
भिलाई स्टील प्लांट के एक कर्मचारी से एकमुश्त निवेश पर ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब 38.30 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिता और उसके दो बेटों ने पहले बीमा पॉलिसी में अच्छा रिटर्न मिलने की बात कही, फिर अलग-अलग तरीके से रुपए और सामान ले लिए। मामले की शिकायत के बाद भट्ठी पुलिस ने आरोपी के. देवासहायम, के. रवि कुमार और के. राजेश कुमार के खिलाफ धारा 420, 506 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भट्ठी थाना पुलिस के मुताबिक सेक्टर-4 सड़क निवासी संतोष कुमार (57) ने शिकायत दर्ज कराई है। संतोष बीएसपी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले एक बीमा पॉलिसी कराई थी, जिसकी अवधि वर्ष 2022 में पूरी हो गई थी। पॉलिसी बंद कराने के लिए वे सिविक सेंटर स्थित बीमा कार्यालय पहुंचे थे। वहां उन्हें एक फॉर्म भरने के लिए दिया गया, लेकिन कम पढ़े-लिखे होने के कारण उन्हें परेशानी हो रही थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात सेक्टर-6 निवासी के. देवासहायम से हुई। उसने खुद को बीमा एजेंट बताया और फॉर्म भरने में मदद की। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और पहचान बढ़ गई। शिकायत के मुताबिक 28 सितंबर 2022 को देवासहायम अपने दो बेटों के. रवि कुमार और के. राजेश कुमार के साथ संतोष के घर पहुंचा। तीनों ने मिलकर एकमुश्त रकम निवेश करने पर अच्छा रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया। पहले 14 लाख रुपए का दिया चेक
बताया जा रहा है कि संतोष उनकी बातों में आ गए और 14 लाख रुपए का चेक दे दिया। इसके बाद आरोपियों ने परिवार के दूसरे सदस्यों का बीमा कराने के नाम पर अलग-अलग तारीखों में 17.30 लाख रुपए और ले लिए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपियों ने सिविक सेंटर सुपर बाजार से करीब 7 लाख रुपए के इलेक्ट्रॉनिक सामान भी निकलवा लिए। इनमें फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एसी, टीवी, फ्रीजर, मोबाइल और अन्य सामान शामिल थे। आरोपियों ने कहा था कि वे इन सामानों को बाजार में बेचकर रकम वापस कर देंगे। पैसे मांगे तो 20 बीमा पॉलिसियां दे दीं
काफी समय बीतने के बाद जब संतोष ने अपने रुपए वापस मांगे, तब आरोपियों ने करीब 8.06 लाख रुपए लौटाए। साथ ही 59 हजार 890 रुपए की किस्त जमा कर संतोष, उनकी पत्नी द्रौपति बाई और बेटे सुनील कुमार के नाम पर कुल 20 बीमा पॉलिसियां दे दीं। संतोष ने जब इन पॉलिसियों की जानकारी अपने बच्चों को दिखाई, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। पता चला कि जिन योजनाओं को एकमुश्त निवेश और ज्यादा रिटर्न वाली स्कीम बताया गया था, वे सामान्य लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसियां थीं।
Source link
बीएसपी कर्मी को बड़े रिटर्न का झांसा देकर ठगी:पिता और दो बेटों ने निवेश के नाम पर लिए 38 लाख रुपए, बाद में थमा दीं 20 बीमा पॉलिसियां














Leave a Reply