बीजापुर में तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग:18 हजार मानक बोरे खाक, 10 करोड़ से अधिक का नुकसान




बीजापुर जिले के ईटपाल क्षेत्र में एक निजी तेंदूपत्ता गोदाम में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस घटना में गोदाम में रखे लगभग 18 हजार मानक बोरे जलकर खाक हो गए, जिससे 10 करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। आग पर काबू पाने के प्रयास घंटों तक जारी रहे। यह आग दोपहर करीब 2:30 बजे लगी। उस समय गोदाम में बड़ी मात्रा में तेंदूपत्ता संग्रहित था। हालांकि, घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। तेज गर्मी और शुष्क मौसम के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। डीएफओ रमेश जांगड़े ने बताया कि वन विभाग ने इस निजी गोदाम को किराए पर लिया था। पिछले दस दिनों से यहां तेंदूपत्ता का भंडारण किया जा रहा था और आग लगने तक करीब 18 हजार से अधिक मानक बोरे जमा हो चुके थे, जो पूरी तरह नष्ट हो गए। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए वन विभाग, पुलिस प्रशासन और नगर पालिका की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं। खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह से काबू पाने के प्रयास जारी थे। स्थानीय लोगों ने आग की भीषणता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बताया। फिलहाल, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद तेंदूपत्ता भंडारण केंद्रों में सुरक्षा और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *